लखनऊ। समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खुशी फाउंडेशन एवं डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई तथा उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की ओर से नेत्र विशेषज्ञों एवं चिकित्सा टीम ने प्रतिभागियों की आंखों की जांच की। साथ ही, आंखों से संबंधित समस्याओं, दृष्टि दोष एवं नेत्र रोगों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को नियमित रूप से आंखों की जांच कराने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की ओर से शरद श्रीवास्तव ने कहा कि आंखें हमारे जीवन का अनमोल हिस्सा हैं और इनकी नियमित देखभाल बेहद जरूरी है। कई बार आंखों से संबंधित समस्याएं शुरुआती दौर में सामने नहीं आ पातीं, इसलिए समय-समय पर नेत्र जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे निःशुल्क शिविरों के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों तक नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। उन्होंने खुशी फॉउण्डेशन के साथ इस जनहितकारी पहल में सहयोग करने पर संस्था का आभार भी जताया।
खुशी फॉउण्डेशन की ओर से बताया गया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत संस्था समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
शिविर के आयोजन में खुशी फॉउण्डेशन एवं डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए भविष्य में भी इस तरह की जनकल्याणकारी गतिविधियां जारी रखी जाएंगी।
